दयानंद इंटर कालेज में मनाया गया पोषण पखवाड़ा |

लखनऊ। राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत दयानंद इंटर कॉलेज, इंदिरा नगर, लखनऊ में “पोषण पखवाड़ा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी अनुपम कुमार यादव द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अन्य लोगों को संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चों, किशोरियों एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार अत्यंत आवश्यक है, जिससे कुपोषण, एनीमिया एवं शारीरिक कमजोरी जैसी समस्याओं को कम किया जा सके।

कार्यक्रम में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के आपसी संबंधों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया तथा सभी को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पौष्टिक भोजन, हरी सब्जियों एवं ताजे फलों के नियमित सेवन को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनभागीदारी के माध्यम से एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने भी “पोषण पखवाड़ा” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को समझाया कि वे अपने दैनिक आहार में हरी सब्जियां, फल एवं प्राकृतिक खाद्य पदार्थों को शामिल करें तथा जंक फूड का सेवन कम से कम करें। उन्होंने बताया कि सही खान-पान और संतुलित आहार से ही स्वस्थ शरीर और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।

साथ ही, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक महोदय भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने भी बच्चों को पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से बताते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित किया।